(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधक संघ द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया गया है। संघ ने अपने पत्र क्रमांक/12/छ.ग.रा.वनो.स.संघ/2026, दिनांक 01 अप्रैल 2026 के माध्यम से प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ रायपुर को 15 अप्रैल 2026 तक मांगों के निराकरण का आग्रह किया था, लेकिन तय समयसीमा के बाद भी कोई ठोस आदेश जारी नहीं होने से प्रबंधकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

प्रबंधक संघ द्वारा प्रमुख रूप से पांच मांगें रखी गई हैं, जिनमें मंत्रालय की सहमति के आधार पर तत्काल आदेश जारी करना, सेवा के दौरान मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देना, सेवा निवृत्ति या मृत्यु पर एकमुश्त उपादान राशि प्रदान करना, वेतन सीधे बैंक खातों में हस्तांतरण करना तथा वित्त विभाग से स्वीकृत वेतन मैट्रिक्स लेवल 07, 08, 09 को लागू करना शामिल है।
संघ के अध्यक्ष और सचिव ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द ही मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो प्रबंधक संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















