(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले समेत आसपास के क्षेत्रों में लगातार 48 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच थाना मगरलोड, जिला धमतरी क्षेत्र में सरायीबदर और महुआजोरी नाले के बीच एक यात्री बस पानी के तेज बहाव के बीच फंस गई। बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और करीब 2 से 3 घंटे से फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश के कारण नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान यात्रियों से भरी बस नाले को पार करने का प्रयास कर रही थी। पानी का बहाव तेज होने के कारण बस नाले के किनारे फंस गई और यात्रियों की जान पर संकट मंडराने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन में थाना गरियाबंद पुलिस टीम और डायल 112 की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

रस्सी और सुरक्षा उपकरणों से किया रेस्क्यू
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने विपरीत परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने रस्सी और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से बस तक पहुंच बनाई और यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। करीब 35 से 40 यात्रियों को सुरक्षित नाले के पार पहुंचाया गया। समय रहते हुए पुलिस टीम की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।
भारी बारिश में नदी-नाले पार नहीं करने की अपील

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिस जवानों और डायल 112 के अधिकारी-कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले और रपटों में पानी होने पर उन्हें पार करने का जोखिम न उठाएं। जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या डायल 112 को सूचना दें। उन्होंने लोगों से यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने और धैर्य बनाए रखने की अपील भी की है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











