(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब आम जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। मैनपुर विकासखंड के इंदागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत इंदागांव के पुजारीपारा में भारी बारिश के चलते सोपासिंग माधबो का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
यह लगातार दूसरा दिन है जब इसी क्षेत्र में बारिश के कारण कच्चा मकान क्षतिग्रस्त होने की घटना सामने आई है। एक दिन पहले भी इंदागांव क्षेत्र में बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया था, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में कच्चे और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

48 घंटे से बिजली संकट, ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर
बारिश की मार केवल मकानों तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 48 घंटों में केवल तीन से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति हो सकी है, जबकि बाकी समय लगातार बिजली गुल रही। दो दिनों से रातभर बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ रही है।
बिजली बंद रहने से घरों में सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों के प्रवेश का खतरा बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग, पेयजल व्यवस्था और दैनिक कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
प्रशासन से राहत और बिजली बहाली की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने तथा बारिश से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान जर्जर और कच्चे मकानों में रहने से बचें तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी वर्षा की चेतावनी के बीच आशंका जताई जा रही है कि यदि बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो ग्रामीण क्षेत्रों में मकान क्षतिग्रस्त होने और अन्य हादसों की घटनाएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में प्रशासन, बिजली विभाग और आपदा प्रबंधन तंत्र के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी हो गई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















