(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच फिंगेश्वर क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सहसपुर निवासी थनवार यादव (55 वर्ष) की नदी पार करते समय तेज बहाव में बह जाने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे थनवार यादव सहसपुर नदी पार कर घुरसा रोड की ओर जा रहे थे। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। नदी पार करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद खुटेरी गांव के पास ग्रामीणों ने नदी में एक शव बहते हुए देखा। गांव के युवाओं ने साहस का परिचय देते हुए नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला। पहचान करने पर शव सहसपुर निवासी थनवार यादव का निकला। ग्रामीणों के अनुसार जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और पूरी सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















