(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद/दंतेवाड़ा। जिला गरियाबंद के ग्राम देवपरसूली (थाना पिपरछेड़ी) से पिकनिक भ्रमण पर निकले युवकों की स्कॉर्पियो वाहन मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28 जनवरी 2026 को ग्राम देवपरसूली से स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG23P1719 में कुल 13 व्यक्ति चालक सहित पिकनिक भ्रमण के लिए रवाना हुए थे। यह दल विशाखापट्टनम और जगन्नाथपुरी की यात्रा करते हुए 02 फरवरी 2026 को दंतेवाड़ा पहुंचा, जहां रात्रि विश्राम किया गया।

दिनांक 03 फरवरी 2026 को सभी लोग दंतेवाड़ा से बारसुर घूमने के बाद चित्रकोट के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रात्रि लगभग 08:00 बजे, थाना मारडूम क्षेत्रांतर्गत ग्राम मेन्द्री मेनरोड पुलिया के पास स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कहुआ पेड़ से टकरा गई और पलटते हुए मुख्य मार्ग के बीचोबीच जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी लोहण्डीगुडा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के नाम इस प्रकार हैं —
रूपेन्द्र नेताम पिता हेमसिंग नेताम, उम्र 22 वर्ष
खिलेश्वर नेताम पिता हिरालाल नेताम, उम्र 19 वर्ष
(दोनों निवासी — ग्राम देवपरसूली)
राम रतन ठाकुर पिता सेवकराम, उम्र 19 वर्ष
(निवासी — विजयपुर, छुरा के पास)
दुर्घटना में वाहन सवार 06 व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनमें से 03 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 03 को सामान्य चोटें आई हैं। शेष 04 व्यक्तियों को कोई चोट नहीं आई है, उनकी हालत सामान्य है।

गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का उपचार मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में जारी है। वहीं मृतकों के शव सीएचसी लोहण्डीगुडा में सुरक्षित रखे गए हैं। पुलिस द्वारा मृतकों एवं घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव पंचनामा एवं पोस्टमार्टम सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















