(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर ग्राम नागाबुड़ा मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 8 बजे महिंद्रा एक्सयूवी वाहन क्रमांक CG 02 AU 2514 और एक मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार का पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।

मृतक की पहचान संतोष यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम नागाबुड़ा का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया है कि एक्सयूवी में सवार 4 से 5 लोग शराब के नशे में थे। स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन में सवार लोग आबकारी विभाग से जुड़े होने की बात कही जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी अधिकारी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही वाहन में सवार लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















