(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना मैनपुर क्षेत्र से मध्य प्रदेश के दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 102.750 किलोग्राम अवैध गांजा, एक डस्टर कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 54 लाख 99 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गांजा और शराब तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 7 जुलाई को थाना मैनपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की डस्टर कार में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर देवभोग रोड से मैनपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने झरियाबहरा तिराहा के पास बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध डस्टर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगाने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बैरिकेडिंग के जरिए वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान आर्यन मालवीय (20 वर्ष) एवं अभिषेक महेस्कर (23 वर्ष) निवासी ईछावर, जिला सीहोर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 102.750 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 51 लाख 37 हजार 500 रुपये है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त डस्टर कार (क्रमांक CG-04-KW-5689), जिसकी कीमत करीब 3.50 लाख रुपये, तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस तरह कुल 54 लाख 99 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में थाना मैनपुर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















