(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद।देश में मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार एवं निर्वाचन आयोग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत बुधवार को जिला कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि वर्तमान भाजपा शासनकाल में लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है।उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें निर्देशित करने वाले ‘शकुनी और दुर्योधन’ कौन हैं,यह भी बड़ा प्रश्न है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि संविधान सभा के नेताओं ने देश के नागरिकों को मताधिकार देकर अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार दिया था,लेकिन आज चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत देश में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।कांग्रेस का दावा है कि देश में करीब 13 करोड़ और छत्तीसगढ़ में करीब 25 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
बेसरा ने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया और इसके आधार की जांच आवश्यक है। कांग्रेस का आरोप है कि यह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है।कांग्रेस की मांग है कि SIR लागू होने के बाद हुए सभी चुनावों की समीक्षा की जाए तथा पुरानी मतदाता सूची को पुनः लागू किया जाए।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग,,,,,,,, सुखचंद बेसरा ने कहा कि तीन सदस्यीय निर्वाचन आयोग में दो सदस्यों द्वारा इस पूरे मामले को लेकर आपत्तियां दर्ज किए जाने के बावजूद मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा जिस तरह फैसले लिए गए, उससे निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पूरे देश में लोकतंत्र बचाओ अभियान चला रही है।
उन्होंने ईवीएम को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व में उठाए गए सवालों की स्पष्ट जांच नहीं हो पाई है।कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर विभिन्न सरकारी उपक्रमों,रेलवे कॉरिडोर,कारखानों एवं खदानों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए।
पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारा निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की भूमिका को लेकर आम जनता के बीच संदेह पैदा हो रहा है और आयोग की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा 2 से 8 अक्टूबर तक ‘वोट बचाओ,देश बचाओ’अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार मतदाता सूची एवं चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। अभियान के माध्यम से आम जनता को लोकतंत्र और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











