(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही वर्षा के कारण सिकासार जलाशय में जलभराव बढ़ने से जल संसाधन विभाग द्वारा जलाशय से नियंत्रित रूप से पानी छोड़ा गया है। विभाग के अनुसार जलाशय में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और आवश्यकता के अनुसार गेट खोलकर चरणबद्ध तरीके से पानी का डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में पानी का बहाव बढ़ने से पैरी नदी का जलस्तर बढ़ सकता है।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने विशेष रूप से पैरी नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों, किसानों, मछुआरों तथा नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों से अत्यधिक सतर्कता बरतने का आग्रह किया है।

कलेक्टर ने कहा कि नदी, नालों एवं पुल-पुलियों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करें तथा बच्चों को नदी किनारे जाने से रोकें। पशुओं को भी नदी के समीप चराने या बांधने से बचें। बारिश की स्थिति के अनुसार जलाशय से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा बढ़ाई जा सकती है, इसलिए सभी नागरिक सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा जलाशय की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर अद्यतन जानकारी जारी की जाएगी।
आपातकालीन सहायता के लिए
जिला नियंत्रण कक्ष, गरियाबंद: 07706-241288 प्राकृतिक आपदा टोल-फ्री: 1070,पुलिस आपातकालीन सेवा: 112 (या 100),एंबुलेंस सेवा: 108 से संपर्क करें। कलेक्टर श्री उइके ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति या सूचना के लिए तत्काल नियंत्रण कक्ष अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















