(संवाद एक्सप्रेस)गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नाहरगांव से कोसमबुड़ा मार्ग के बीच स्थित छेवासी नाला उफान पर है। तेज बहाव के बावजूद कुछ युवक नाले में छलांग लगाकर जानलेवा स्टंट करते नजर आए, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उफनते नाले के बीच युवक लगातार पानी में उतरकर वीडियो बना रहे हैं और तेज धारा के बीच रोमांच का प्रदर्शन कर रहे हैं। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस संवेदनशील स्थान पर न तो बैरिकेडिंग की गई है, न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही लोगों को रोकने के लिए किसी कर्मचारी की तैनाती की गई है।

कुछ सेकंड का रोमांच, पूरी जिंदगी पर भारी
विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के दौरान नदी-नालों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऊपर से आने वाले पानी का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में कुछ सेकंड का रोमांच या सोशल मीडिया के लिए बनाया गया एक वीडियो पूरी जिंदगी पर भारी पड़ सकता है। तेज धारा में फंसने के बाद बाहर निकल पाना बेहद कठिन होता है और कई बार अच्छे तैराक भी बहाव के आगे बेबस हो जाते हैं।
हर साल दोहराई जाती है लापरवाही
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में इस स्थान पर हर साल युवक नहाने और स्टंट करने पहुंचते हैं। बावजूद इसके अब तक यहां स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल बैरिकेडिंग कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने और पुलिस या राजस्व अमले की निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से पहले हालात पर काबू पाया जा सके।

जिले में बढ़ा बारिश के दौरान हादसों का खतरा
गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश से कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे समय में बहते पानी में उतरना या स्टंट करना गंभीर खतरे को न्योता देना है। प्रशासन द्वारा लगातार लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है, लेकिन कुछ लोग लापरवाही से अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















