(संवाद एक्सप्रेस)छुरा/गरियाबंद। पाण्डुका वन परिक्षेत्र अंतर्गत तिलईदादर बीट से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां जंगल से लगे खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि उसने साहस और सूझबूझ से अपनी जान बचा ली।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गिधनी निवासी तुलसी राम ठाकुर मंगलवार सुबह अपने खेत में काम करने गए थे। खेत के समीप घना जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण वहां जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में तुलसी राम ठाकुर ने किसी तरह खुद को बचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उन्हें छुरा उपस्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जंगली जानवरों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। वर्तमान में तेंदूपत्ता तोड़ाई के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण रोज जंगल की ओर जाते हैं, ऐसे में इस तरह की घटनाएं चिंता और बढ़ा रही हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल ग्रामीण से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। विभाग द्वारा तत्काल सहायता के रूप में 1000 रुपये की राशि प्रदान की गई है। साथ ही ग्रामीणों को अकेले जंगल न जाने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
फिलहाल गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अब देखना होगा कि वन विभाग इस गंभीर मामले में कितनी तेजी से ठोस कार्रवाई करता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments

















