(संवाद एक्सप्रेस )गरियाबंद। गरियाबंद अंचल के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रज्जाक मेमन की 8वीं पुण्यतिथि पर नगरवासियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शनिवार को नगर के प्रमुख तिरंगा चौक पर बड़ी संख्या में शुभचिंतक, परिचित और उनके सहपाठी एकत्र हुए। इस दौरान कैंडल जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर डॉ. मेमन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
इस अवसर पर लोगों ने कहा कि जिला बनने से पहले गरियाबंद अंचल में स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित थीं। ऐसे समय में डॉ. रज्जाक मेमन ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सहजता से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने चिकित्सा सेवा को केवल पेशा न मानकर समाजसेवा के रूप में निभाया और जरूरतमंद लोगों का निस्वार्थ भाव से उपचार किया।
डॉ. मेमन की सहजता, सादगी और मिलनसार व्यक्तित्व आज भी नगरवासियों की स्मृतियों में जीवंत है। उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए कई शुभचिंतक और उनके सहपाठी भावुक नजर आए। उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ. मेमन द्वारा क्षेत्र के लिए किए गए सेवा कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बने रहेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में साबिर वकील, रामकुमार वर्मा, राजेश साहू, पार्षद छगन यादव, पार्षद पुनः राम यादव, सन्नी मेमन, योगेश बघेल, हरीश ठाकुर, जलाराम ठाकुर, अवधराम यादव, बीरेन्द्र सेन, चंद्रभूषण चौहान, अमन दास, मानिकपुरी, मुकेश भोई, घनश्याम यादव, चंदन सिन्हा, सौरभ यादव, कदर हिंगोरा, मुकेश यादव, जुनेद खान, युगल सोनी, बाजीराम सेन और डालसिंग साहू सहित नगर के अनेक लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने डॉ. रज्जाक मेमन की स्मृतियों को साझा करते हुए उनके समाजसेवा एवं चिकित्सा क्षेत्र में योगदान को नमन किया।

Satyanarayan Vishwakarma serves as the Chief Editor of Samwad Express, a Hindi-language news outlet. He is credited as the author of articles covering topics such as local and regional developments











